रांची 20 मई (आरएनएस)। जीई एयरोस्पेस ने अपने पुणे मैन्युफैक्चरिंग संयंत्र में 100 करोड़ रुपये के नए निवेश की घोषणा की है। कंपनी के अनुसार यह निवेश आधुनिक वेल्डिंग तकनीक, एडवांस जांच उपकरण, प्रिसीजन टूल्स, गेजेस, फिक्स्चर्स और इंफ्रास्ट्रक्चर अपग्रेड पर किया जाएगा, जिससे उत्पादन क्षमता और गुणवत्ता दोनों में सुधार होगा। पिछले तीन वर्षों में कंपनी का कुल निवेश 510 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। जीई एयरोस्पेस के पुणे मैन्युफैक्चरिंग संयंत्र के प्रबंध निदेशक विश्वजीत सिंह ने कहा कि यह निवेश भारत के प्रति कंपनी की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता और वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग नेटवर्क में भारतीय इकाई की मजबूत भूमिका को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इससे रोजगार, अप्रेंटिसशिप और तकनीकी प्रशिक्षण के अवसर भी बढ़ेंगे। कंपनी का पुणे संयंत्र वाणिज्यिक विमान इंजनों के लिए जरूरी कंपोनेंट्स का निर्माण करता है और भारत में 2,200 से अधिक सप्लायर नेटवर्क के साथ काम करता है, जिनमें 300 से अधिक स्थानीय सप्लायर्स शामिल हैं। जीई एयरोस्पेस के अनुसार उसके दो वर्षीय अप्रेंटिसशिप कार्यक्रम के तहत हर साल 500 से अधिक युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाता है और अब तक 5,000 से अधिक युवाओं को प्रशिक्षित किया जा चुका है। कंपनी ने कहा कि भारत में बढ़ता निवेश मैन्युफैक्चरिंग, इंजीनियरिंग और सप्लाई चेन विकास को मजबूती देने के साथ भविष्य की एयरोस्पेस तकनीक को आगे बढ़ाने में मदद करेगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

