रांची 20 मई (आरएनएस)। केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों और लगातार बढ़ती महंगाई के खिलाफ लोकभवन के समीप नागा बाबा खटाल धरना स्थल पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी की ओर से धरना-प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के महासचिव सह प्रोफेशनल्स कांग्रेस प्रभारी आदित्य विक्रम जयसवाल ने किया। यह कार्यक्रम अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के स्थायी आमंत्रित सदस्य एवं झारखंड प्रभारी के. राजू के निर्देश पर आयोजित किया गया।
धरना कार्यक्रम में पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, बच्चों के दूध, ब्रेड तथा दैनिक उपयोग की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। साथ ही सोना कारोबार और उससे जुड़े लगभग तीन करोड़ लोगों के रोजगार पर मंडरा रहे संकट का मुद्दा भी उठाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और कांग्रेस विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप मौजूद रहे। इसके अलावा आलोक कुमार दूबे, राजीव रंजन प्रसाद, लाल किशोर नाथ शाहदेव, अजय नाथ शाहदेव, डॉ. राजेश गुप्ता, शशि भूषण राय और डॉ. कुमार राजा सहित कई कांग्रेस नेता उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन लाल किशोर नाथ शाहदेव ने किया।
सभा को संबोधित करते हुए केशव महतो कमलेश ने कहा कि पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और खाद्य सामग्रियों की लगातार बढ़ती कीमतों से आम जनता की कमर टूट चुकी है। उन्होंने कहा कि महंगाई के कारण सब्जी, अनाज, दवा, किराया और खेती-किसानी का खर्च लगातार बढ़ रहा है तथा गरीब और मध्यम वर्ग के लिए जीवन यापन कठिन होता जा रहा है। राजेश कच्छप ने कहा कि चुनाव के समय अच्छे दिनों का सपना दिखाने वाली केंद्र सरकार आज जनता को महंगाई के बोझ तले दबा रही है। किसान, मजदूर, युवा और गृहिणियां सभी परेशान हैं।
आदित्य विक्रम जयसवाल ने कहा कि सोना और चांदी भारतीय परिवारों की सुरक्षा और परंपरा का प्रतीक माना जाता है, लेकिन महंगाई के कारण आम आदमी के लिए घर चलाना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि जब तक केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण नहीं करती, तब तक एक वर्ष तक सोना-चांदी की खरीदारी नहीं करने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने इसे जनता का शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक विरोध बताया। प्रदेश कांग्रेस महासचिव आलोक कुमार दूबे ने कहा कि यह आंदोलन हर उस नागरिक की आवाज है जो महंगाई से प्रभावित है। प्रदेश कोऑर्डिनेटर अजय नाथ शाहदेव ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण आम लोगों की बचत समाप्त हो रही है और हर घर का बजट बिगड़ चुका है। अब आम आदमी के लिए शादी-विवाह में सोना खरीदना भी मुश्किल हो गया है.धरना कार्यक्रम को राजीव रंजन प्रसाद, ज्योति सिंह मथारू, शशि भूषण राय, सुरेंद्र सिंह, कुमार राजा और दयामनी बारला समेत अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

