रांची
रांची 21 मई (आरएनएस)। रेडिसन ब्लू होटल रांची में 22 मई से 31 मई 2026 तक अविभाजित बंगाल खाद्य महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह महोत्सव बंगाल की समृद्ध पाक कला विरासत, पारंपरिक स्वाद और सांस्कृतिक विविधता का जीवंत उत्सव होगा। होटल के वाटरफ्रंट रेस्टोरेंट में आयोजित इस फूड फेस्टिवल में मेहमानों को पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के प्रामाणिक बंगाली व्यंजनों का विशेष अनुभव मिलेगा। प्रेस वार्ता में आशुतोष कुमार (एसोसिएट डायरेक्टर, सेल्स), विनीत रंजन (फूड एंड बेवरेज मैनेजर) और शेफ जय ने संयुक्त रूप से बताया कि महोत्सव के दौरान विशेषज्ञ शेफ द्वारा तैयार पारंपरिक बंगाली व्यंजन परोसे जाएंगे। यह फूड फेस्टिवल प्रतिदिन डिनर के दौरान उपलब्ध रहेगा, जबकि रविवार को विशेष ब्रंच का आयोजन किया जाएगा। साथ ही लाइव पियानो म्यूजिक भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। महोत्सव में शोरशे इलिश, कोशा मांगशो, चिंगरी मलाई करी, लुची के साथ आलूर दम, भापा पटूरी, मिष्टी दोई, रसगुल्ला और संदेश जैसे प्रसिद्ध बंगाली व्यंजनों का स्वाद लोग ले सकेंगे। आयोजकों ने कहा कि बंगाली भोजन केवल स्वाद तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संस्कृति, साहित्य, त्योहारों और मेहमान नवाजी की परंपराओं से गहराई से जुड़ा हुआ है। सरसों का तेल, पंच फोरन, खसखस, नारियल और ताजी नदी की मछलियां बंगाली खानपान की खास पहचान हैं। उन्होंने कहा कि समर वेकेशन और छुट्टियों के इस मौसम में लोग परिवार और दोस्तों के साथ यहां आकर बंगाल के पारंपरिक स्वाद और सांस्कृतिक माहौल का आनंद उठा सकते हैं। फूड फेस्टिवल के लिए रात्रिभोज का शुल्क 1999 रुपये प्लस टैक्स प्रति व्यक्ति तथा रविवार ब्रंच का शुल्क 1850 रुपये प्लस टैक्स प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है। आयोजकों ने लोगों से अपील की है कि वे बंगाल के स्वाद, परंपराओं और गर्मजोशी भरी मेहमाननवाजी के इस विशेष उत्सव का हिस्सा बनें।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

