बिरसा मुंडा हाउस बना विजेता, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर किया गया सम्मानित
रांची 21 मई (आरएनएस)। पीएम श्री आजाद उच्च विद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय स्पोट्र्स व एनर्जी समर कैंप का समापन उत्साह, उमंग और रंगारंग माहौल के बीच सम्पन्न हुआ। कैंप का उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनके शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाना तथा उनमें अनुशासन, सकारात्मक ऊर्जा और टीम भावना का विकास करना था। तीन दिनों तक चले इस समर कैंप के दौरान विद्यार्थियों के लिए विभिन्न शैक्षणिक, खेलकूद, रचनात्मक एवं ऊर्जा से भरपूर गतिविधियों का आयोजन किया गया। बच्चों ने सभी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, सहयोग की भावना एवं रचनात्मक सोच को विकसित करने का प्रयास किया गया। समापन समारोह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर बिरसा मुंडा हाउस को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर विजेता घोषित किया गया। विजेता प्रतिभागियों एवं टीम को मेडल, प्रमाण पत्र और अन्य पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त करने के बाद विद्यार्थियों में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम की सफलता में विद्यालय के प्रभारी कुर्बान अली सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की अहम भूमिका रही। शिक्षक रूबी सिंह, सीतामनी टोप्पो, अनवर अंसारी, अतीकुर रहमान, नुजहत परवीन, अफराज अहसान एवं राकेश रौशन ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया। विद्यालय परिवार ने सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के कैंप बच्चों के होलिस्टिक डेवलपमेंट के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नई ऊर्जा, सकारात्मक सोच और रचनात्मक वातावरण का निर्माण करते हैं तथा उन्हें जीवन में आगे बढऩे के लिए प्रेरित करते हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

