रांची 21 मई (आरएनएस)। मानसून से पूर्व शहरवासियों को जल-जमाव की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से राँची नगर निगम ने विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी एवं त्वरित समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। नगर निगम द्वारा शहर के कई वार्डों एवं जल-जमाव प्रभावित इलाकों के लिए एक विशेष समिति का गठन किया गया है, जो स्थलीय निरीक्षण कर समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करेगी। रांची नगर निगम के अनुसार, शहर के कई इलाकों में बरसात के दौरान जल-जमाव की समस्या लगातार सामने आती रही है। इसे गंभीरता से लेते हुए निगम प्रशासन ने संबंधित क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण कर एक सप्ताह के भीतर विस्तृत जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। साथ ही जिन स्थानों पर नाली निर्माण एवं ड्रेनेज कार्य प्रगति पर हैं, वहां कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की भी निगरानी की जाएगी।
विशेष रूप से वार्ड संख्या 01, 12, 18, 21, 23, 24, 25, 32 एवं 42 के जल-जमाव प्रभावित क्षेत्रों को प्राथमिकता सूची में रखा गया है। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वर्षा के दौरान आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। रांची नगर निगम द्वारा इस अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ संचालित किया जाएगा तथा आवश्यकता पडऩे पर अतिरिक्त संसाधन एवं तकनीकी सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी। नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे नालियों में कचरा न डालें तथा जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि मानसून के दौरान शहर को जल-जमाव से मुक्त रखा जा सके.
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

