• सांसद रूडी की अध्यक्षता में 26 मई को सोनपुर रेल मंडल संसदीय समिति की बैठक
• रेल सुविधाओं, अंडरपास, स्टेशन विकास एवं सड़क संपर्क से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा
• सीतलपुर, दिघवारा एवं सोनपुर क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से रखा जाएगा
• विभिन्न ट्रेनों के ठहराव, यात्री सुविधाओं और पहुंच पथ निर्माण का मुद्दा उठेगा
• ग्रामीण क्षेत्रों में रेलवे भूमि से जुड़े लंबित मामलों पर भी विमर्श
सोनपुर, 25 मई (आरएनएस ) । सारण सांसद सह पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी की अध्यक्षता में कल मंगलवार, 26 मई 2026 को प्रातः 11 बजे से सोनपुर रेल मंडल की मंडल संसदीय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। बैठक में सारण क्षेत्र अंतर्गत रेल सुविधाओं, यात्री सुरक्षा, अंडरपास निर्माण, स्टेशन विकास एवं ग्रामीण संपर्क मार्गों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। सांसद राजीव प्रताप रूडी द्वारा क्षेत्र की जनता से प्राप्त समस्याओं एवं मांगों को बैठक के एजेंडा में प्रमुखता से शामिल कराया गया है। बैठक में सीतलपुर, दिघवारा और सोनपुर स्टेशन से संबंधित अनेक महत्वपूर्ण विषयों को रखा जाएगा, जिनमें स्टेशन पर पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, रिजर्वेशन काउंटर, विश्रामालय एवं टिकट काउंटर जैसी मूलभूत यात्री सुविधाओं का विस्तार प्रमुख है। बैठक में सांसद द्वारा सीतलपुर स्टेशन पर मौर्य एक्सप्रेस तथा दिघवारा स्टेशन पर साबरमती एक्सप्रेस, बरौनी-गोंदिया एवं अवध-आसाम एक्सप्रेस के ठहराव की मांग भी उठाई जाएगी। इसके अतिरिक्त कार्यालय समय में छपरा-पटना आवागमन को सुगम बनाने हेतु डीएमयू ट्रेन संचालन का प्रस्ताव भी रखा जाएगा। बैठक में विभिन्न रेलवे ढालों पर अंडरपास निर्माण, रेलवे भूमि से जुड़े सड़क निर्माण, ग्रामीण संपर्क पथों के पुनर्निर्माण तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में पहुंच पथ निर्माण की मांग और विशेष रूप से सीतलपुर स्टेशन के हाईवे साइड से पहुंच मार्ग, सोनपुर बरबट्टा नया टोला पथ, पहाड़ीचक मार्ग एवं गोपालपुर महदलीचक अंडरपास जैसे विषयों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही सोनपुर रेफरल अस्पताल जाने वाले मार्ग पर लगे बैरियर की ऊंचाई, रेलवे अंडरपास में प्रकाश व्यवस्था, स्टेशन परिसरों में बैंक एटीएम की स्थापना तथा रेलवे द्वारा पूर्व में निर्मित जर्जर सड़कों के पुनर्निर्माण का विषय भी बैठक में उठाया जाएगा।
00

