लखनऊ,25 मई(आरएनएस)। राजधानी के बंथरा क्षेत्र में रविवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। अज्ञात मोटरसाइकिल की टक्कर के बाद दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।पुलिस के अनुसार, 24 मई 2026 की रात करीब 10 बजे थाना बंथरा क्षेत्र के बंथरा बाजार स्थित हनुमान मंदिर के पास बाइक से जा रहे दीपांशु (19) पुत्र वीरेंद्र निवासी लाला खेड़ा रामचौरा थाना बंथरा तथा कमल (20) पुत्र रमेश निवासी गौरी थाना सरोजनीनगर की बाइक को एक अज्ञात मोटरसाइकिल ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरोजनीनगर भेजा गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दीपांशु और कमल को मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने बताया कि मृतकों के परिजन मौके पर मौजूद हैं तथा शवों का पंचायतनामा भरने की कार्रवाई की जा रही है। हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और अन्य माध्यमों से भी वाहन की तलाश की जा रही है।पुलिस का कहना है कि परिजनों से तहरीर मिलने के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
00
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

