नई दिल्ली 28 May, (Rns) । नई राजिंदर नगर में गुरुवार सुबह दो बुजुर्ग महिलाओं की लाशें उनके घर में मिलीं। घर से बदबू आने पर पड़ोसियों और एक नौकरानी ने पुलिस को सूचित किया।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 10:30 बजे मकान संख्या आर-852 से तेज बदबू आने की सूचना मिली। आस-पास काम करने वाली एक मेड ने बताया कि घर के सभी दरवाजे बंद थे और अंदर से तेज दुर्गंध आ रही थी। घटनास्थल पर पहुंचकर जांच अधिकारी और स्टाफ ने एक कमरे के अंदर दो महिलाओं चंद्रकांता (80) और सरोज बाला (80) की बेशुध अवस्था में लाशें पाईं। एक महिला बिस्तर पर और दूसरी फर्श पर पड़ी हुई थी।
मौके पर बुलाए गए एंबुलेंस की टीम ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। यह एक मंजिला मकान है, जिसमें चार एंट्री पॉइंट हैं। पुलिस ने बताया कि घर में जबरन घुसपैठ, तोड़-फोड़ या किसी प्रकार की अव्यवस्था के कोई निशान नहीं मिले हैं। पड़ोसियों से प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि दोनों महिलाएं लंबे समय से साथ रह रही थीं। सरोज बाला अविवाहित थीं, जबकि चंद्रकांता उनकी देवरानी थीं।

