नई दिल्ली 29 may, (Rns) । एनआईए ने शुक्रवार को एक पाकिस्तानी हैंडलर और सीमा पार से रची जा रही आतंकी साजिश के सिलसिले में देश के चार राज्यों में 12 स्थानों पर एक साथ छापामारी की।
एनआईए के अधिकारियों के अनुसार, यह तलाशी अभियान उत्तर प्रदेश में पांच, महाराष्ट्र में तीन, राजस्थान में दो और बिहार में दो ठिकानों पर चलाया गया। यह पूरी कार्रवाई उन संदिग्धों को निशाना बनाकर की गई है, जिनके संबंध इस पूरे नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका है।
जांच में सामने आया है कि इस साजिश का मुख्य सूत्रधार एक पाकिस्तानी ऑपरेटर है, जिसकी पहचान जसवीर चौधरी के रूप में हुई है। जसवीर ने अपने भारतीय सहयोगियों के साथ मिलकर भारत-पाकिस्तान सीमा पर ड्रोन ड्रॉप के माध्यम से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और आईईडी जैसी विस्फोटक सामग्रियां मंगवाई थीं।

