0 एसडीआरएफ करेगी सर्च ऑपरेशन
खैरागढ़, 03 जून (आरएनएस)। जिले के प्रसिद्ध रश्मि देवी जलाशय (छिंदारी बांध) में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। नहाने गए तीन दोस्तों में से एक 17 वर्षीय किशोर गहरे पानी में डूब गया, जबकि उसके दो साथी किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकल आए। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, छुईखदान क्षेत्र के तीन युवक बुधवार दोपहर करीब 12 बजे घूमने के लिए छिंदारी बांध पहुंचे थे। कुछ देर बाद तीनों जलाशय में नहाने के लिए उतर गए। बताया जा रहा है कि तीनों को तैरना नहीं आता था, इसके बावजूद वे पानी के गहरे हिस्से में चले गए। इसी दौरान संतुलन बिगडऩे से तीनों डूबने लगे।
हादसे के दौरान दो युवक किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन लक्ष्य पाल (17 वर्ष), पिता संजय पाल गहरे पानी में समा गया और लापता हो गया। साथियों ने तत्काल आसपास मौजूद लोगों से मदद मांगी और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही छुईखदान पुलिस और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे तथा खोज अभियान शुरू किया गया। हालांकि जलाशय की अधिक गहराई और पानी में कम दृश्यता के कारण देर शाम तक किशोर का कोई पता नहीं चल सका। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग से एसडीआरएफ (स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स) की टीम को बुलाया गया है, जो गुरुवार को विशेष उपकरणों के साथ सर्च ऑपरेशन चलाएगी।
प्रशासन ने बताया कि छिंदारी बांध में पहले भी डूबने की कई घटनाएं हो चुकी हैं। लोगों को लगातार गहरे पानी में न जाने और सुरक्षित स्थानों पर ही नहाने की सलाह दी जाती रही है, लेकिन चेतावनियों के बावजूद लोग जोखिम उठाते हैं।
घटना के बाद लक्ष्य पाल के परिजन गहरे सदमे में हैं। परिवार और स्थानीय ग्रामीण लगातार खोज अभियान पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस ने जलाशय क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा उपाय करने की बात कही है।
यह हादसा एक बार फिर जलाशयों और गहरे पानी वाले क्षेत्रों में सुरक्षा नियमों का पालन करने की आवश्यकता को रेखांकित करता है। प्रशासन और स्ष्ठक्रस्न की टीम किशोर की तलाश में जुटी हुई है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

