चित्रकूट 5 जून (आरएनएस)। दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल फ्लोरिश में घटित भीषण अग्निकांड के दृष्टिगत उत्तर प्रदेश शासन एवं पुलिस महानिदेशक उप्र अग्निशमन तथा आपात सेवा लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में जनपद में विशेष सतर्कता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्य अग्निशमन अधिकारी यदुनाथ सिंह के नेतृत्व में जनपद मुख्यालय स्तर पर विभिन्न होटलों एवं रेस्टोरेंटों का सघन निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान आपदा प्रबंधन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से प्रतिष्ठानों में कार्यरत अधिकारी एवं कर्मचारियों के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि आपातकालीन स्थितियों में जान-माल की हानि को रोकने के लिए केवल उपकरणों का होना पर्याप्त नहीं है बल्कि कर्मचारियों का मानसिक और व्यावहारिक रूप से प्रशिक्षित होना अनिवार्य है। कर्मचारियों को अग्निशमन उपकरणों के त्वरित संचालन, आपातकालीन पलायन की प्रक्रियाओं और प्राथमिक नियंत्रण के तौरतरीकों से अवगत कराया गया है। अग्निशमन विभाग द्वारा प्रतिष्ठान स्वामियों को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि वे अग्नि सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें। किसी भी स्तर पर पाई गई शिथिलता या लापरवाही के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि जागरूकता एवं निरीक्षण अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

