आजमगढ़ 09 जून(आर एन एस)जनपद के थाना क्षेत्र के कबुतरा गांव में सोमवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। अज्ञात बोलेरो वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस ने मृतकों के परिजनों की तहरीर पर अज्ञात बोलेरो चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार ग्राम कबुतरा निवासी शोभनाथ राजभर पुत्र स्वर्गीय भुलई राजभर ने थाना तरवाँ में तहरीर देकर बताया कि 8 जून 2026 की रात करीब 8 बजे उनका भतीजा राहुल राजभर पुत्र लोकनाथ राजभर अपनी मोटरसाइकिल संख्या यूपी 50 डीबी 3146 से परमानपुर बाजार से अपने घर कबुतरा लौट रहा था। मोटरसाइकिल पर गांव का ही आशीष राजभर पुत्र संजय राजभर भी सवार था।बताया गया कि सगेलू राम के घर के सामने पहुंचते ही एक अज्ञात बोलेरो चालक ने तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।स्थानीय लोगों की सूचना पर दोनों घायलों को एम्बुलेंस की सहायता से 100 बेड अस्पताल परमानपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल आजमगढ़ रेफर कर दिया। परिजनों द्वारा जिला अस्पताल ले जाने पर उपचार के दौरान राहुल राजभर और आशीष राजभर की मौत हो गई।घटना की सूचना मिलने पर थाना तरवाँ पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 115/2026, धारा 281/106(1) बीएनएस के तहत अज्ञात बोलेरो चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।थानाध्यक्ष के निर्देश पर उपनिरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह को मामले की विवेचना सौंपी गई है। पुलिस अज्ञात बोलेरो वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है तथा पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

