0 अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़, 10 जून (आरएनएस)। रायगढ़ पुलिस के अभियान संवेदना के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और सोशल मीडिया पर अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने के गंभीर मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी खुद को पुलिसकर्मी बताकर महिला का विश्वास जीतता रहा, जबकि वह वास्तव में एक निजी सिक्योरिटी गार्ड निकला।
पुलिस के अनुसार पीडि़ता की मुलाकात मार्च 2026 में कोरबा रेलवे स्टेशन पर एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान बिलासपुर निवासी अक्षय कुमार कुम्हरानी (31 वर्ष) से हुई थी। आरोपी ने स्वयं को पुलिस विभाग में कार्यरत बताते हुए वर्दीधारी तस्वीरें दिखाईं और विवाह का प्रस्ताव देकर महिला से नजदीकियां बढ़ाईं। महिला की शिकायत के मुताबिक आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और इसी दौरान उसकी जानकारी के बिना अंतरंग फोटो एवं वीडियो रिकॉर्ड कर लिए।
बाद में आरोपी ने उन फोटो-वीडियो का इस्तेमाल कर महिला पर संबंध बनाए रखने का दबाव बनाया और विरोध करने पर उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। पीडि़ता ने बताया कि 27 मई 2026 को आरोपी ने उसके अश्लील फोटो और वीडियो इंस्टाग्राम तथा फेसबुक पर अपलोड कर दिए। साथ ही व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम के जरिए अश्लील संदेश भेजकर लगातार ब्लैकमेल करता रहा तथा जान से मारने की धमकी भी देता था। मामले की शिकायत मिलने पर थाना चक्रधरनगर में भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना चक्रधरनगर और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को रायगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पूछताछ और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस मामले में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया और झूठी पहचान के आधार पर किसी भी अनजान व्यक्ति पर आंख बंद कर विश्वास न करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं के विरुद्ध अपराध, साइबर ब्लैकमेलिंग और सोशल मीडिया के दुरुपयोग से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
0

