*कर्नाटक में एक ही परिवार के तीन लोगों की रहस्यमयी मौत, डेथ नोट में खुला राज
New delhi 10 june(rns)/- कर्नाटक के मांड्या में एक ही परिवार के तीन लोगों की रहस्यमयी मौत ने लोगों के साथ ही पुलिस को भी उलझन में डाल दिया। मृतकों की पहचान कपड़ों के व्यापारी प्रभाकर, उनकी पत्नी ज्योति और उनके नवविवाहित बेटे संतोष के रूप में हुई। मां और बेटे के शव घर के कमरे में मिले, जबकि परिवार के मुखिया प्रभाकर का शव उनकी खुद की कपड़ों की दुकान में फंदे से लटका हुआ मिला। इस खौफनाक रहस्यमयी मौत ने लोगों में सनसनी मचा दी।
शुरुआत में इस मौत को हत्याकांड और आत्महत्या के मामले को एक गहरे रहस्य के रूप में देखा जा रहा था। जांच के दौरान पुलिस के हाथ एक सुसाइड नोट लगा, जिसने इस पूरी घटना के पीछे के खौफनाक सच से पर्दा उठा दिया। पुलिस जांच में जो बातें सामने आईं, वे बेहद चौंकाने वाली हैं।
दरअसल कपड़ा व्यापारी प्रभाकर ने कर्ज के जाल और निजी फाइनेंस कंपनियों के उत्पीड़न से तंग आकर इस हत्याकांड और आत्महत्या को अंजाम दिया था। सुसाइड नोट के मुताबिक, परिवार के मुखिया प्रभाकर ने पहले पत्नी ज्योति और फिर अपने इकलौते बेटे संतोष की गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी। इसके बाद, वह चुपचाप घर से निकला और अपनी कपड़ों की दुकान में जाकर खुद भी फांसी के फंदे पर झूल गया।

