रायपुर, 10 जून (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र में वर्ष 2025 में हुई 4 वर्षीय बालक की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना के लगभग सात माह बाद फरार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 1 नवंबर 2025 को आमानाका क्षेत्र में 4 वर्षीय मयंक मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली थी। बच्चे को अचेत अवस्था में अस्पताल ले जाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच के बाद मामले में मर्ग कायम कर विवेचना शुरू की गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि बालक की मृत्यु गला दबाकर हत्या किए जाने से हुई थी। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच को आगे बढ़ाया। विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक की मां और आरोपी जयदीप सिंह (27 वर्ष) निवासी टाटीबंध के बीच अवैध संबंध थे। आरोपी का मृतक के घर आना-जाना भी था। जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी बालक को अपने संबंधों में बाधा मानता था। इसी कारण उसने मासूम की हत्या कर दी और घटना के बाद फरार हो गया। डीसीपी पश्चिम संदीप पटेल, अतिरिक्त डीसीपी राहुल देव शर्मा के निर्देशन तथा एसीपी पुरानी बस्ती देवांश सिंह राठौर एवं थाना प्रभारी आमानाका सुधांशु बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार पतासाजी के आधार पर पुलिस ने 10 जून 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना अभी जारी है और प्रकरण से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। थाना आमानाका पुलिस की इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
0

