नई दिल्ली ,12 जून । फीफा विश्व कप 2026 का शानदार आगाज हो गया है। पहला मुकाबला मेजबान मेक्सिको और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला गया। मेजबान मेक्सिको ने दक्षिण अफ्रीका को 2-0 से हराकर बहुमूल्य 3 अंक हासिल किए। पहला मुकाबला 80,000 से अधिक लोगों ने मैदान पर देखा। ओपनिंग शेरेमनी में शकीरा और बर्ना बॉय ने रंगारंग कार्यक्रम भी पेश किए। जूलियन क्विनोनेस विश्व कप 2026 में पहला गोल दागने वाले खिलाड़ी बने। दक्षिण अफ्रीका पूरे मैच में संघर्ष करती नजर आई।
पहले हाफ में मेक्सिको ने ली थी 1-0 की बढ़त
मेक्सिको ने शुरुआत से ही लगातार आक्रामक खेल दिखाया। दोनों किनारों से उन्होंने एक के बाद एक हमले किए। उन्हें इसका फायदा मिला और 9वें मिनट में क्विनोनेस ने शानदार शॉट लगाकर गोल दाग दिया। 17वें मिनट में मैच का पहला येलो कार्ड देखने को मिला। टेबोहो मोकोएना ने मेक्सिको के नंबर 9 खिलाड़ी पर तेज टैकल करते हुए उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके कारण उन्हें येलो कार्ड दिखाया गया। दक्षिण अफ्रीकी गोलकीपर रॉनेन विलियम्स ने कई बचाव किए।
दूसरे हाफ में भी रहा मेक्सिको का दबदबा
दूसरे हाफ में भी मेक्सिको का दबदबा रहा। राउल हिमिनेज ने 67वें मिनट में हेडर के जरिए शानदार गोल किया और टीम को 2-0 की बढ़त दिला दी। यह विश्व कप में हिमिनेज का पहला गोल था। मैच में मेक्सिको ने 61 प्रतिशत गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा और 538 पास किए। वहीं दक्षिण अफ्रीका के पास 39 प्रतिशत गेंद पर नियंत्रण रहा। मेक्सिको ने गोल पर 5 शॉट लगाए, जबकि दक्षिण अफ्रीका ने गोल पर 3 शॉट लगाए।
मैच में देखने को मिले 3 रेड कार्ड
दक्षिण अफ्रीका विश्व कप के एक मैच में 2006 के बाद पहली टीम बन गई है जिसे 2 रेड कार्ड मिले हैं। 2006 में ऐसा पुर्तगाल और नीदरलैंड के बीच राउंड ऑफ 16 मुकाबले में हुआ था, जब दोनों टीमों के 2-2 खिलाडिय़ों को मैदान से बाहर भेज दिया गया था। मैच में मेक्सिको के सेसर मोंटेस को भी रेड कार्ड मिला। 2022 विश्व कप में कुल 64 मैचों के दौरान सिर्फ 4 ही लाल कार्ड दिखाए गए थे।
00
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

