रायपुर, 12 जून (आरएनएस)। रायपुर पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना मौदहापारा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में वाहन चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी लालथंगमोया ने वर्ष 2024 में थाना मौदहापारा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 25 जून 2024 को वह अपनी एवेंजर मोटरसाइकिल क्रमांक एमएच-01-सीजी-7410 को मेकाहारा अस्पताल के बाहर खड़ी कर ड्यूटी पर गया था। कुछ समय बाद लौटने पर उसकी मोटरसाइकिल वहां से गायब मिली। अज्ञात चोर द्वारा वाहन चोरी किए जाने पर थाना मौदहापारा में अपराध क्रमांक 192/24 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना मौदहापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का अवलोकन किया। साथ ही मुखबिर तंत्र एवं अन्य माध्यमों से लगातार आरोपी की तलाश की जा रही थी।
इसी दौरान पुलिस को चोरी की मोटरसाइकिल एवं आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर टीम ने संदेही प्रदीप बंजारे को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने वाहन चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी प्रदीप बंजारे (32 वर्ष) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की एवेंजर मोटरसाइकिल क्रमांक एमएच-01-सीजी-7410, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपये है, बरामद कर जब्त कर ली है।
गिरफ्तार आरोपी ग्राम लिमहीपुर, पोस्ट खैरझिटी, जिला कबीरधाम का निवासी है तथा वर्तमान में वाल्मीकि नगर, थाना कबीर नगर, रायपुर में रह रहा था। आरोपी के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

