रायपुर, 12 जून (आरएनएस)। मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गंज पुलिस ने एक युवक को 1.5 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 75 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 11 जून 2026 को थाना गंज पुलिस की पेट्रोलिंग टीम क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक युवक अवैध रूप से गांजा लेकर एक्सप्रेस-वे रोड स्थित चूनाभट्टी क्षेत्र से गुजर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम सैय्यद मुस्तकीन (20 वर्ष), पिता सैय्यद सैफुल्लाह अली, निवासी श्रद्धा विहार कॉलोनी, मोतीनगर, थाना टिकरापारा, रायपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद काले रंग के पि_ू बैग से पैकेटों में रखा कुल 1.500 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह उक्त गांजा ओडिशा के कालाहांडी क्षेत्र से रायपुर लेकर आया था। पुलिस को आशंका है कि गांजा स्थानीय स्तर पर खपाने की तैयारी की जा रही थी।
थाना गंज पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद गांजा जब्त कर उसके विरुद्ध अपराध क्रमांक 179/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस अब गांजे की आपूर्ति श्रृंखला, स्रोत और इससे जुड़े अन्य संभावित आरोपियों के संबंध में विस्तृत जांच कर रही है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

