कोरिया, 12 जून (आरएनएस)। सोनहत पुलिस ने घर में हुई चोरी की घटना का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए एक आरोपी और एक अपचारी बालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवर, मोबाइल फोन और नकदी सहित कुल 66,200 रुपये मूल्य का सामान बरामद किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रामगढ़ निवासी उमाशंकर साहू 7 जून 2026 को मेहमानी में मनेन्द्रगढ़ गए हुए थे। घर पर उनकी पत्नी अकेली थी। शाम करीब 7 बजे वह घर के दरवाजे में सांकल लगाकर पड़ोस में गई थीं। लगभग आधे घंटे बाद वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि घर का सामान बिखरा पड़ा है और पेटी खुली हुई है। अज्ञात चोर घर में रखे सोने-चांदी के जेवर, मोबाइल फोन तथा नकदी चोरी कर ले गए थे।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक कोरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुरेशा चौबे तथा एसडीओपी राजेश साहू के निर्देशन में थाना प्रभारी विनोद पासवान के नेतृत्व में तत्काल जांच शुरू की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेही राकेश कुमार गुप्ता (28 वर्ष) एवं एक अपचारी बालक, दोनों निवासी ग्राम रामगढ़, थाना सोनहत, को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान दोनों ने चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने एक जोड़ी सोने की बाली, तीन सोने के मंगलसूत्र, एक चांदी का कमरधनी, एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन तथा 3,000 रुपये नगद सहित कुल 66,200 रुपये मूल्य का चोरी गया सामान बरामद कर जब्त किया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में पेश किया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विनोद पासवान, उप निरीक्षक राजाराम राठिया, उप निरीक्षक नीलमणी कुजूर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक धलेन्द्र प्रसाद भारती, आरक्षक निखलेश राजवाड़े, आरक्षक शिव पटेल, सहायक आरक्षक उमेन्द्र सिंह तथा समयलाल का सराहनीय योगदान रहा।
०


