दुर्ग, 12 जून (आरएनएस)। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत ब्लैक स्पॉट एवं ग्रे स्पॉट क्षेत्रों में फिक्स चेकिंग पॉइंट स्थापित कर लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है।
यातायात पुलिस के अनुसार जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में हेलमेट, सीट बेल्ट तथा अन्य यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। प्रतिदिन सुबह 6 बजे से ग्रामीण क्षेत्रों के दुर्घटना संभावित स्थलों पर जांच अभियान चलाकर दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
अभियान के दौरान माल वाहक वाहनों में अवैध रूप से सवारी परिवहन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मालवाहक वाहनों में यात्रियों का परिवहन गंभीर सड़क दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए विगत एक सप्ताह में ऐसे 74 वाहनों पर मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
यातायात पुलिस द्वारा ब्रेथ एनालाइजर मशीन के माध्यम से वाहन चालकों की जांच भी की जा रही है। शराब के नशे में वाहन चलाते पाए जाने वाले चालकों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार नशे की हालत में वाहन संचालन सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में शामिल है।
यातायात पुलिस दुर्ग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा अभियान के सफल संचालन के लिए लगातार चेकिंग, निगरानी एवं जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं एवं अपने परिवार की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। साथ ही नशे की हालत में वाहन न चलाएं और मालवाहक वाहनों में सवारी करने से बचें।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

