बिलासपुर, 12 जून (आरएनएस)। सकरी पुलिस ने कोयला चोरी एवं मिलावट के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए अपराध दर्ज होने के कुछ घंटों के भीतर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों पर कोयला परिवहन के दौरान कथित रूप से उच्च गुणवत्ता वाले कोयले की चोरी कर उसमें मिलावट करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार न्यू लोको कॉलोनी, मरहीमाता मंदिर बिलासपुर निवासी आर.के. पाण्डेय ने थाना सकरी में शिकायत दर्ज कराई थी कि दीपका कोल माइंस से भाटिया एनर्जी एंड कोल बेनिफिकेशन प्राइवेट लिमिटेड, लोखंडी के लिए एफ/जी ग्रेड का कोयला मंगवाया गया था। 10 जून की सुबह जब कोयले से लदे तीन ट्रेलर प्लांट पहुंचे और लेबोरेटरी में जांच की गई, तब कोयला निर्धारित गुणवत्ता का नहीं पाया गया।
शिकायत के बाद ट्रेलर चालकों से पूछताछ की गई, जिसमें कथित रूप से यह तथ्य सामने आया कि एफ ग्रेड कोयले की चोरी कर उसमें मिलावट की गई थी। मामले में बालाजी कोल ट्रेडिंग एंड कंस्ट्रक्शन के संचालक तथा प्लांट के सुपरवाइजर की मिलीभगत से साजिश रचकर कोयला चोरी किए जाने की बात सामने आई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सकरी ने विशेष टीम गठित की। एसीसीयू एवं माइनिंग विभाग के सहयोग से कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में आशिक हुसैन अंसारी, फैजान रजा अंसारी और फुजैल अंसारी निवासी जिला गढ़वा (झारखंड), गौरव राजपूत एवं सीबु खान निवासी बिलासपुर तथा दिलीप कुमार यादव निवासी भिलाई, जिला दुर्ग शामिल हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है तथा कोयला चोरी और मिलावट से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना सकरी पुलिस, एसीसीयू टीम तथा माइनिंग विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

