सूरजपुर, 13 जून (आरएनएस)। जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम तीवरागुड़ी सरनापारा में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव के बाहरी हिस्से में बिजली खंभे के पास रखी दो संदिग्ध बोरियों से एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
ग्रामीणों ने सुबह खंभे के पास पड़ी बोरियों को देखा। काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर जब लोगों ने नजदीक जाकर देखा तो उनके होश उड़ गए। बोरियों के भीतर एक व्यक्ति का शव बंधा हुआ था। घटना की सूचना तत्काल गांव के पूर्व सरपंच और पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही रामानुजनगर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शव के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम को भी मौके पर बुलाया। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के साथ पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है, जिसके चलते पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों का भी मिलान कर रही है। पुलिस का मानना है कि हत्या कहीं और कर शव को पहचान छिपाने की नीयत से बोरी में भरकर यहां फेंका गया हो सकता है। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच में जुटी है। इस रहस्यमयी वारदात ने पूरे क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल बना दिया है।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

