एमसीबी, 13 जून (आरएनएस)। जिले में ध्वनि प्रदूषण फैलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत झगराखाण्ड पुलिस ने मॉडिफाइड सायलेंसर लगी बुलेट मोटरसाइकिल पर कार्रवाई करते हुए ?5,000 का चालान किया है। साथ ही वाहन में लगे अवैध सायलेंसर को जब्त कर लिया गया।
पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र नायक के निर्देश पर थाना झगराखाण्ड पुलिस द्वारा विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 12 जून को थाना प्रभारी वासुदेव परगनिहा के नेतृत्व में पुलिस टीम पेट्रोलिंग एवं वाहन जांच कर रही थी।
जांच के दौरान झगराखाण्ड क्षेत्र में बुलेट मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 16सीजी 7001 का चालक तेज एवं कर्कश ध्वनि उत्पन्न करते हुए वाहन चलाता पाया गया। पुलिस ने वाहन रोककर जांच की तो पता चला कि वाहन में कंपनी द्वारा लगाया गया मूल सायलेंसर हटाकर मॉडिफाइड सायलेंसर लगाया गया था, जिससे ध्वनि प्रदूषण फैल रहा था और आम नागरिकों को परेशानी हो रही थी।
पूछताछ में चालक निखिल सोनी (23 वर्ष) निवासी झगराखाण्ड ने स्वीकार किया कि उसने अपनी बुलेट में मॉडिफाइड सायलेंसर लगवाया है और मूल सायलेंसर घर पर रखा हुआ है। इसके बाद पुलिस ने मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए मॉडिफाइड सायलेंसर जब्त कर 5,000 का चालान किया।
एमसीबी पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने वाहनों में अवैध रूप से मॉडिफाइड सायलेंसर न लगाएं तथा यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के विरुद्ध आगे भी लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक मंचन राम, प्रधान आरक्षक महेश साहू, आरक्षक कुमार गौरव और चेतन बडग़ैया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

