खैरागढ़, 15 जून (आरएनएस)। जिले के गातापार थाना क्षेत्र अंतर्गत बोड़ला गांव में एक 60 वर्षीय वृद्ध का शव नदी किनारे पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान बोड़ला निवासी गोवर्धन गोंड़ (60) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि 13 जून की दोपहर भोजन करने के बाद वह घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।
अगले दिन 14 जून को गांव के कुछ लोगों ने नदी किनारे एक पेड़ पर गोवर्धन गोंड़ का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ देखा। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कुछ समय पहले गोवर्धन गोंड़ भालू के हमले में घायल हो गए थे। घटना के बाद से उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं था और वे मानसिक तनाव से भी गुजर रहे थे। हालांकि मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
सूचना मिलने पर गातापार थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीण क्षेत्र में इस घटना के बाद शोक का माहौल है, वहीं पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

