गरियाबंद, 15 जून (आरएनएस)। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पैरीघूम्मर को स्वच्छ, सुरक्षित और आकर्षक बनाए रखने के उद्देश्य से स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस प्रशासन के संयुक्त प्रयास से विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत जलाशय एवं आसपास के परिसर की व्यापक साफ-सफाई की गई और पर्यटकों को स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया गया।
अभियान में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने श्रमदान करते हुए परिसर में फैले प्लास्टिक, कचरे और अन्य अपशिष्ट पदार्थों को हटाया। ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी से पर्यटन स्थल को स्वच्छ और सुंदर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान मिला। प्रशासन ने इस सामूहिक पहल की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रेरणादायक कदम बताया।
वहीं, पर्यटन स्थल पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था भी सुदृढ़ की है। पुलिस द्वारा विशेष जांच अभियान चलाकर हुड़दंग करने वाले और नशा सेवन करने वाले असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पर्यटन स्थल पर नशे का परिवहन करने, नशा बेचने अथवा सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेते समय स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। परिसर में कचरा न फैलाएं और केवल निर्धारित कूड़ेदानों का ही उपयोग करें, ताकि पैरीघूम्मर की प्राकृतिक सुंदरता और स्वच्छ वातावरण बरकरार रखा जा सके।
प्रशासन का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे जनसहभागिता आधारित अभियान जारी रहेंगे, जिससे पर्यटन स्थलों को स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यटकों के लिए अधिक आकर्षक बनाया जा सके।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

