०सुशासन तिहार बना दिव्यांगों-वरिष्ठजनों का सहारा, घर तक पहुंचे सहायक उपकरण
रायपुर,15 जून (आरएनएस)। सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत समाज कल्याण विभाग, जिला रायपुर द्वारा दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करते हुए उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए। शिविरों में प्राप्त आवेदनों पर शीघ्र कार्रवाई कर पात्र हितग्राहियों को आवश्यक सामग्री शिविर स्थल पर ही प्रदान की गई, वहीं जरूरतमंदों तक उनके गांव एवं निवास स्थान पर पहुंचकर भी सहायता उपलब्ध कराई गई। इससे हितग्राहियों को तत्काल लाभ मिला और उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े।अभनपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत कठिया में आयोजित प्रथम निवारण शिविर में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में विभिन्न हितग्राहियों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। इस अवसर पर योगेश साहू एवं गणेश राम को बैटरी संचालित ट्राइसाइकिल, दिलेश्वर साहू एवं पूर्णराम साहू को ट्राइसाइकिल तथा दामिनी और लोकेश निराला को व्हीलचेयर प्रदान की गई।शिविर में वरिष्ठ नागरिकों को भी छडिय़ां वितरित कर उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप सहायता उपलब्ध कराई गई। हितग्राहियों ने शासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से उन्हें समय पर सहायता और सुविधाएं प्राप्त हो रही हैं, जिससे उनका जीवन अधिक सुगम और आत्मनिर्भर बन रहा है।इसके अतिरिक्त जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निवासरत वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार छड़ी, श्रवण यंत्र, व्हीलचेयर, बैसाखी एवं अन्य सहायक उपकरण वितरित किए गए। इन उपकरणों ने उनके जीवन को अधिक सहज, सुरक्षित, सम्मानजनक एवं आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।सुशासन तिहार 2026 के माध्यम से समाज कल्याण विभाग, जिला रायपुर द्वारा कुल 17 ट्रायसायकल. 16 श्रवण यंत्र, 07 बैटरी संचालित ट्रायसायकल, 05 व्हीलचेयर, 02 बैसाखी, 59 छड़ी तथा 03 वॉकर कुल 110 सामाग्री वितरित किए गए। यह पहल शासन की संवेदनशीलता, त्वरित सेवा प्रदायगी एवं जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है, जिसने अनेक दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाकर उन्हें सम्मानपूर्वक एवं आत्मनिर्भर जीवन जीने का नया अवसर प्रदान किया।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

