भिलाई,15 जून (आरएनएस)। नंदनी रोड स्थित केनरा बैंक एटीएम में तोडफ़ोड़ करने के मामले में छावनी पुलिस ने दो युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। आरोपियों ने पूछताछ के दौरान एटीएम के गेट को क्षतिग्रस्त करने की बात स्वीकार कर ली है। पुलिस ने दोनों को जमानत पर रिहा करने के साथ ही भविष्य में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए एसडीएम न्यायालय में प्रस्तुत किया है।पुलिस के अनुसार, 13 जून 2026 को प्रगति नगर रिसाली निवासी अशोक कुमार जांगड़े ने थाना छावनी में शिकायत दर्ज कराई थी कि भिलाई के बेदी कॉम्प्लेक्स स्थित केनरा बैंक एटीएम के गेट में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा तोडफ़ोड़ की गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 388/2026 के तहत धारा 324(4) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।विवेचना के दौरान मुखबिर सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों की पहचान की। पूछताछ में दोनों ने एटीएम के गेट में तोडफ़ोड़ करने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की।आरोपियों की पहचान शिवम कुमार (19 वर्ष) और रितिक कुमार सिंह (19 वर्ष), दोनों निवासी युवा अंकुश चौक, छावनी, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों ने शरारतवश और असामाजिक गतिविधि के तहत सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया था।चूंकि मामला जमानतीय था, इसलिए आरोपियों को जमानत मुचलके पर रिहा किया गया। साथ ही उनके विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर इस्तगासा तैयार कर माननीय एसडीएम न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।छावनी पुलिस की त्वरित जांच और कार्रवाई की सराहना की जा रही है। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा में सहयोग करें और किसी भी प्रकार की तोडफ़ोड़ या कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

