जांजगीर-चांपा, 15 जून (आरएनएस)। शराब पीने के दौरान पैसे को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने अपने ही दोस्त के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया। मामले में थाना पामगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 10 जून 2026 को ग्राम झिलमिली निवासी जोहित कुमार दिनकर अपने गांव के ही सूरज रात्रे के साथ बाइक से शराब खरीदने पामगढ़ गया था। दोनों शराब लेकर मदनपुर के सागौन जंगल में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान नशे की हालत में सूरज रात्रे ने जोहित से और शराब खरीदने के लिए पैसे मांगे।
जोहित द्वारा पैसे नहीं होने की बात कहने पर सूरज रात्रे नाराज हो गया। उसने जोहित की जेब से 100 रुपये का नोट निकालकर फाड़ दिया और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए जोहित के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपी ने मुक्कों से हमला कर उसे जमीन पर पटक दिया, जिससे उसके सिर, माथे और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।
मारपीट के बाद आरोपी घायल जोहित को बाइक पर बैठाकर ग्राम भैंसो में छोड़कर फरार हो गया। पीडि़त की शिकायत पर थाना पामगढ़ में अपराध क्रमांक 248/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 119(1), 296, 351(3) और 115(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन कुमार सारथी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। कार्रवाई करते हुए 15 जून को आरोपी सूरज रात्रे (24 वर्ष), निवासी झिलमिली, थाना मुलमुला को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन सारथी, उप निरीक्षक कृष्ण कुमार कोसले, प्रधान आरक्षक विजय निराला तथा थाना पामगढ़ स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

