अंबिकापुर, 15 जून (आरएनएस)। सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र में विवादित जमीन पर धान बुआई को लेकर हुए खूनी संघर्ष में एक व्यक्ति की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी गई। मामले में बतौली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सिलमा चिटकाही में विवादित भूमि पर कब्जे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। मृतक होंश राम और उनकी पत्नी धनेश्वरी पैंकरा उक्त जमीन पर खेती करते आ रहे थे। वहीं राजस्व अभिलेखों में नामांतरण को लेकर मामला न्यायालय में विचाराधीन रहा, जिसके बाद भूमि दूसरे पक्ष के नाम दर्ज हो गई थी।
बताया गया कि 13 जून को होंश राम ने विवादित भूमि पर ट्रैक्टर से जुताई कर धान की बुआई की थी। इसकी जानकारी मिलने पर 14 जून को भुवनेश्वर पैंकरा अपने साथियों बजरंग, मनोज, रघुनंदन, बोधन, उमेश, कमली और प्यारी के साथ ट्रैक्टर लेकर खेत पहुंचे और वहां धान बुआई करने लगे। इसका विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपियों ने होंश राम, उनकी पत्नी धनेश्वरी तथा पुत्र हेमंत और महेंद्र के साथ मारपीट की। इसी बीच आरोपी उमेश ने ट्रैक्टर से पहले हेमंत को कुचलने का प्रयास किया, लेकिन वह किसी तरह बच गया। इसके बाद अन्य आरोपियों ने होंश राम को खेत की मेड़ से नीचे धक्का दे दिया। आरोप है कि उमेश ने ट्रैक्टर से होंश राम को टक्कर मारी और गिरने के बाद दोबारा ट्रैक्टर चढ़ाकर उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बतौली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रार्थिया धनेश्वरी पैंकरा की शिकायत पर हत्या, मारपीट, धमकी तथा अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान गवाहों के बयान, मेडिकल रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सभी आठ आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त सबूत पाए।
पुलिस ने मामले में भुवनेश्वर पैंकरा, बजरंग, मनोज, रघुनंदन, बोधन, उमेश, कमली और प्यारी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई को जिले में गंभीर अपराधों के विरुद्ध पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई माना जा रहा है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

