अंबिकापुर, 15 जून (आरएनएस)। सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र में झाडफ़ूंक और नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवती से दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने एक कथित बाबा को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 14 जून को पीडि़ता ने गांधीनगर थाना में शिकायत दर्ज कराई कि कॉलोनी में खुद को प्रयागराज (उत्तरप्रदेश) से आया बाबा बताने वाला अमित गोस्वामी लोगों की समस्याएं दूर करने और झाडफ़ूंक करने का दावा कर रहा था। वह लोगों को उनकी परेशानियां बताकर इलाज और समाधान के नाम पर पैसे एवं मोबाइल की मांग करता था।
शिकायत के मुताबिक आरोपी पीडि़ता के घर पहुंचा और उसे झाडफ़ूंक करने, अच्छा रिश्ता आने तथा नौकरी लगने का भरोसा दिया। इसके बाद उसने पीडि़ता को स्नान करने के लिए कहा और झाडफ़ूंक की प्रक्रिया शुरू की। इसी दौरान उसने पीडि़ता की मां को चावल लेकर मंदिर भेज दिया तथा बहन को कमरे से बाहर रहने को कहा। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने युवती के साथ जबरन दुष्कर्म किया।
मामले की शिकायत मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने पीडि़ता द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर आरोपी की तलाश की और उसे गिरफ्तार कर लिया। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमित कुमार गोस्वामी (29 वर्ष), निवासी ग्राम सेमरा, थाना घुरपुर, जिला प्रयागराज (उत्तरप्रदेश) के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक भारतीय मार्कण्डे, सहायक उपनिरीक्षक ललन गुप्ता तथा पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी ढोंगी बाबा या झाडफ़ूंक के नाम पर लोगों को गुमराह करने वाले व्यक्तियों के झांसे में न आएं और ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

