कोरबा, 15 जून (आरएनएस)। कोरबा पुलिस ने पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर क्षेत्र में हुए चर्चित हत्या प्रकरण का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच के दौरान आरोपी की संलिप्तता बलगी डकैती कांड में भी सामने आई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार साकेत कॉलोनी जमनीपाली निवासी शुभम सिंह बघेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 6-7 जून 2026 की दरमियानी रात उसके परिचित चन्द्रमणि रात्रे उर्फ दादू को अज्ञात व्यक्तियों ने बोलेरो वाहन से गंभीर चोट पहुंचाई थी। उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई थी। मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 500/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच टीमों का गठन किया गया। टीमों को सीसीटीवी फुटेज खंगालने, तकनीकी साक्ष्य जुटाने और संदिग्धों से पूछताछ की जिम्मेदारी सौंपी गई। जांच के दौरान पुलिस ने 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया तथा 100 से अधिक लोगों से पूछताछ की।
तकनीकी साक्ष्यों और ह्यूमन इंटेलिजेंस से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी **राजेन्द्र साहू उर्फ कुनाल साहू (22 वर्ष)** निवासी कड़ारी, जिला सक्ती, हाल मुकाम विकास नगर कुसमुंडा, जिला कोरबा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी योगेन्द्र बघेल उर्फ योगी के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन क्रमांक सीजी-12 बीडी-5025 को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी थाना बाकीमोंगरा क्षेत्र के बालगी में हुई डकैती की घटना में भी शामिल था। इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है तथा घटना में प्रयुक्त वेन्यू कार और स्कूटी वाहन जब्त किए जा चुके हैं। वर्तमान गिरफ्तारी से डकैती प्रकरण की जांच को भी महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
कोरबा पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों और साक्ष्यों के संबंध में जांच जारी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित टीमों की सतर्कता, तकनीकी जांच, सीसीटीवी विश्लेषण और ह्यूमन इंटेलिजेंस के समन्वय से यह सफलता हासिल हुई है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपराध एवं अपराधियों से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है, ताकि जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

