रायपुर, 16 जून (आरएनएस)। राजधानी रायपुर में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए सरस्वती नगर पुलिस ने एक कथित गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 4.136 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 2.05 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी ग्राहकों की तलाश में घूम रहा था, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते सलाखों के पीछे पहुंच गया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पंडित रविशंकर शुक्ल हेलिपैड की दीवार के पास झाडिय़ों और घुरवा क्षेत्र के आसपास एक व्यक्ति गांजा बेचने की फिराक में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान जनरैल सिंह (40 वर्ष) निवासी कुकुरबेड़ा, आमानाका के रूप में बताई। वैधानिक प्रक्रिया के तहत उसकी तलाशी लेने पर एक बोरी से 4.136 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना सरस्वती नगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई किन-किन लोगों तक की जा रही थी।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

