रायपुर, 16 जून (आरएनएस)। भाजपा विधायक अनुज शर्मा ने धरसींवा क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म मामले में कथित ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली प्रकरण में कांग्रेस नेता सूरज सिंह ठाकुर एवं उसके सहयोगी की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का चरित्र अपराधियों को संरक्षण देने और राजनीति का अपराधीकरण करने वाला बन गया है।
शर्मा ने कहा कि नाबालिग बालिका से जुड़े संवेदनशील मामले में कथित रूप से अवैध उगाही और ब्लैकमेलिंग की घटनाएं बेहद गंभीर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस से जुड़े लोगों की गिरफ्तारी ने पार्टी के आचरण और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। भाजपा विधायक ने कहा कि पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर कार्रवाई कर रही है, ऐसे में कांग्रेस द्वारा विरोध प्रदर्शन करना समझ से परे है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से यह भी सवाल किया कि मामले में गिरफ्तार नेताओं के खिलाफ पार्टी स्तर पर क्या कार्रवाई की जाएगी। साथ ही इस पूरे प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग भी की।
० कोंडागांव ठगी मामले को लेकर भी साधा निशाना
भाजपा विधायक ने कोंडागांव में पटवारी की नौकरी दिलाने के नाम पर कथित ठगी के मामले में कांग्रेस के जिला महामंत्री की गिरफ्तारी का उल्लेख करते हुए कहा कि यह घटना युवाओं के साथ धोखाधड़ी का उदाहरण है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को बढ़ावा मिला तथा कई लोग राजनीतिक संरक्षण का लाभ उठाकर आम लोगों को ठगते रहे। शर्मा ने कहा कि नौकरी के नाम पर ठगी के मामलों ने युवाओं के भरोसे को चोट पहुंचाई है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से स्पष्ट जवाब मांगते हुए कहा कि ऐसे मामलों में पार्टी को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।
० राजनीतिक बयानबाजी तेज
इन दोनों मामलों को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। भाजपा जहां इन घटनाओं को कांग्रेस के कथित चरित्र से जोड़कर हमला बोल रही है, वहीं कांग्रेस की ओर से अब तक इन आरोपों पर विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। आने वाले दिनों में इन मुद्दों पर प्रदेश की राजनीति और गरमाने के आसार हैं।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

