गिधौरी, 16 जून (आरएनएस)। पुलिस की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का एक सराहनीय उदाहरण थाना गिधौरी क्षेत्र में देखने को मिला, जहां डायल-112 की टीम ने बिच्छू के डंक से गंभीर रूप से पीडि़त एक 80 वर्षीय बुजुर्ग को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, 15-16 जून 2026 की मध्यरात्रि करीब 12:30 बजे डायल-112 को एक आपातकालीन कॉल प्राप्त हुई। कॉल करने वाले ने बताया कि एक बुजुर्ग व्यक्ति को बिच्छू ने डंक मार दिया है और उनकी हालत गंभीर है। सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात डायल-112 टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
डायल-112 वाहन में तैनात आरक्षक कमलेश बर्मन एवं चालक रूपेश साहू मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। बिच्छू दंश के शिकार बुजुर्ग की पहचान भुनेश्वर सांडे (80 वर्ष) के रूप में हुई। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए उन्हें वाहन में बैठाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरपाली पहुंचाया।
अस्पताल पहुंचने पर पुलिस टीम ने बुजुर्ग को तत्काल भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। समय पर अस्पताल पहुंचने और त्वरित इलाज मिलने से उनकी स्थिति में सुधार हुआ और अब वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
थाना गिधौरी क्षेत्र में तैनात डायल-112 टीम की इस मानवीय पहल ने एक बार फिर साबित कर दिया कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंद लोगों की सहायता और जीवन रक्षा के लिए भी हर समय तत्पर रहती है।
आरक्षक कमलेश बर्मन और चालक रूपेश साहू की तत्परता एवं सेवा भावना की क्षेत्रवासियों द्वारा सराहना की जा रही है। यह घटना पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं सहयोग को मजबूत करने वाली मिसाल बन गई है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

