0 रेत विवाद में भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार और वीरू सिंह की मौत, पुलिस जांच जारी
रायपुर, 17 जून (आरएनएस)। कोरिया जिले में रेत उत्खनन को लेकर हुए विवाद में भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार और उनके करीबी वीरू सिंह गहरवार की मौत के मामले में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि मामला उनके संज्ञान में है और पुलिस इसकी गंभीरता से जांच कर रही है। घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है तथा किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
रायपुर से सूरजपुर दौरे के लिए रवाना होने से पहले मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कानून अपना काम कर रहा है और जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रेत विवाद ने लिया खूनी संघर्ष का रूप
गौरतलब है कि मंगलवार को कोरिया जिले में रेत उत्खनन को लेकर भाजपा नेताओं के बीच विवाद हुआ था, जो देर रात हिंसक संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि विवाद के दौरान फॉच्र्यूनर वाहन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई। इस घटना में भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से झुलसे उनके रिश्तेदार वीरू सिंह गहरवार ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना में तीन अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जारी है। बताया जा रहा है कि घायलों में से एक योगेन्द्र सिंह की हालत में सुधार है और वह बयान देने की स्थिति में है।
सूरजपुर और गरियाबंद दौरे का किया जिक्र
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि वे सूरजपुर में नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। इसके अलावा गरियाबंद जिले में लगभग 600 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया जाएगा।
चांपा-कोरबा तीसरी रेल लाइन पर जताया आभार
चांपा-कोरबा तीसरी रेल लाइन परियोजना के लिए केंद्र सरकार द्वारा राशि स्वीकृत किए जाने पर मुख्यमंत्री ने इसे छत्तीसगढ़ के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया जाता है, क्योंकि इससे प्रदेश की रेल अधोसंरचना और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।
विधानसभा सत्र को लेकर विपक्ष पर प्रतिक्रिया
आगामी 13 जुलाई से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र को लेकर विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विपक्ष का अपना दायित्व है और वह अपनी भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार सभी मुद्दों पर जवाब देने के लिए तैयार है।
कोरिया जिले की इस सनसनीखेज घटना को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर हलचल बनी हुई है। वहीं पुलिस मामले की जांच कर पूरे घटनाक्रम की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

