0 जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति की निगरानी में अडानी अंबुजा सीमेंट प्लांट रवान में नष्ट किए गए जब्त मादक पदार्थ
बलौदाबाजार, 17 जून (आरएनएस)। पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देश एवं पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के मार्गदर्शन में बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने बुधवार को मादक पदार्थों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न मामलों में जब्त भारी मात्रा में नशीले पदार्थों का सुरक्षित नष्टीकरण किया। यह कार्रवाई जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति की उपस्थिति में अडानी अंबुजा सीमेंट संयंत्र, रवान के उच्च तापमान वाले किल्न में पर्यावरणीय मानकों का पालन करते हुए संपन्न की गई।

जिले के विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज 34 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों का भौतिक सत्यापन करने के बाद उनका विनष्टीकरण किया गया। इस दौरान कुल 105.761 किलोग्राम गांजा, 1.380 किलोग्राम डोडा चूरा, 0.037 ग्राम अफीम तथा 5,906 नशीली टेबलेट एवं कैप्सूल नष्ट किए गए।
34 प्रकरणों के जब्त मादक पदार्थ किए गए नष्ट
पुलिस के अनुसार कसडोल, लवन, सिटी कोतवाली, भाटापारा शहर, पलारी, भाटापारा ग्रामीण और सिमगा थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों से जब्त सामग्री को नष्टीकरण के लिए चिन्हित किया गया था।
नष्टीकरण के दौरान—
30 प्रकरणों में जब्त 105.761 किलोग्राम गांजा नष्ट किया गया।
3 प्रकरणों में जब्त 6,089 नशीली टेबलेट एवं कैप्सूल में से नमूने सुरक्षित रखने के बाद 5,906 नग नष्ट किए गए।
1 प्रकरण में जब्त 1.380 किलोग्राम डोडा चूरा एवं 0.037 ग्राम अफीम का सुरक्षित विनष्टीकरण किया गया।

ड्रग डिस्पोजल समिति की निगरानी में पूरी हुई प्रक्रिया
कार्रवाई के लिए गठित जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति में पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा अध्यक्ष, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह सदस्य तथा जिला आबकारी अधिकारी मुकेश अग्रवाल सदस्य के रूप में शामिल रहे। समिति के सदस्यों ने प्रत्येक पैकेट के वजन, सील और रिकॉर्ड का मिलान कर भौतिक सत्यापन किया।
वीडियोग्राफी और पर्यावरणीय मानकों का रखा गया विशेष ध्यान
पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराई गई ताकि कार्रवाई में पूर्ण पारदर्शिता बनी रहे। मादक पदार्थों को नष्ट करने के लिए रिहायशी क्षेत्रों से दूर स्थित सीमेंट संयंत्र के उच्च तापमान वाले किल्न का उपयोग किया गया। इसके लिए छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल से आवश्यक अनुमति और अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त किया गया था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण और जब्त मादक पदार्थों के सुरक्षित निपटान के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। यह अभियान नशा मुक्त समाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
0

