0 सही मार्गदर्शन और नियमित अभ्यास से हासिल की उल्लेखनीय सफलता, परिजनों ने शासन-प्रशासन का जताया आभार
रायपुर, 17 जून (आरएनएस)। रायपुर के टियर कांगर वैली विद्यालय की कक्षा सातवीं की छात्रा मान्या चौबे ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर संगीत के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। रायपुर नगर निगम द्वारा संचालित कला केंद्र में मात्र दो माह के प्रशिक्षण के दौरान मान्या ने गिटार की कई नई तकनीकों में दक्षता प्राप्त करते हुए विभिन्न संगीत पैटर्न और फिंगर स्टाइल को सफलतापूर्वक सीखा और प्रस्तुत किया है।
मान्या पिछले दो महीनों से कला केंद्र रायपुर में गिटार, ड्रॉइंग एवं राइटिंग का प्रशिक्षण ले रही हैं। इस दौरान उन्होंने गिटार वादन की नई तकनीकों को सीखकर अपनी उंगलियों की गति, ताल की समझ और आत्मविश्वास में उल्लेखनीय सुधार किया है। अब वह फिंगर स्टाइल तकनीकों को पहले की अपेक्षा अधिक सटीकता और आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत कर रही हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार मान्या की यह सफलता इस बात का उदाहरण है कि सही मार्गदर्शन, नियमित अभ्यास और समर्पण के साथ कम समय में भी उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। संगीत के साथ-साथ ड्रॉइंग और राइटिंग गतिविधियों में भी उनकी रचनात्मकता और अभिव्यक्ति क्षमता में सकारात्मक विकास देखने को मिला है।
परिजनों ने जताया आभार
मान्या की इस उपलब्धि से उत्साहित उनकी माता ओमवती चौबे और पिता बृजेश चौबे ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, रायपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती मीनल चौबे, कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, कला केंद्र रायपुर एवं रायपुर नगर निगम का आभार व्यक्त किया है।
प्रतिभाओं को मंच देने का माध्यम बन रहा कला केंद्र
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश तथा उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में रायपुर नगर निगम द्वारा संचालित कला केंद्र बच्चों और युवाओं की प्रतिभा को निखारने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। यहां संगीत, चित्रकला, लेखन सहित विभिन्न रचनात्मक विधाओं का प्रशिक्षण देकर प्रतिभाओं को पहचान और मंच प्रदान किया जा रहा है।
मान्या चौबे की उपलब्धि कला केंद्र की इसी पहल का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आई है, जिसने यह साबित किया है कि अवसर और उचित प्रशिक्षण मिलने पर युवा प्रतिभाएं कम समय में भी बड़ी सफलता हासिल कर सकती हैं।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

