भिलाई, 18 जून (आरएनएस)। महादेव सट्टा ऐप के कथित संचालक सौरभ चंद्राकर के कथित इंस्टाग्राम अकाउंट और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नाम से वायरल किए गए कथित चैट स्क्रीनशॉट को लेकर छत्तीसगढ़ की सियासत गरमा गई है। इस मामले में बुधवार को बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भिलाई-3 थाने पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस नेताओं की शिकायत के बाद पुलिस ने दो यूट्यूबर्स के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वायरल कंटेंट को पूरी तरह फर्जी और फोटोशॉप किया हुआ बताते हुए कड़ी नाराजगी जताई है। दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल स्क्रीनशॉट में भूपेश बघेल के नाम से एक कथित मैसेज दिखाया गया है, जिसमें सौरभ चंद्राकर से नंबर भेजो अपना, बात करना चाहते हैं लिखा हुआ नजर आ रहा है। इसी कथित चैट के आधार पर कुछ यूट्यूब चैनलों पर खबरें भी प्रसारित की गईं। भूपेश बघेल ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कर कहा कि सुबह से फोटोशॉप की गई फर्जी तस्वीरों के आधार पर भ्रामक खबरें चलाई जा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि वायरल चैट पूरी तरह मनगढ़ंत है और उसमें दिखाए गए यूजरनेम के साथ उनकी किसी प्रकार की बातचीत नहीं हुई है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कथित फर्जी चैट के स्क्रीनशॉट साझा करते हुए इसे लोगों को गुमराह करने की साजिश बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की फर्जी सामग्री फैलाने वालों और इसके पीछे शामिल लोगों की जानकारी उनकी लीगल टीम के पास पहुंच चुकी है तथा उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और वायरल स्क्रीनशॉट की सत्यता के साथ-साथ इसे प्रसारित करने वालों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

