रायपुर, 20 जून (आरएनएस)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 21 जून को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरे से पहले प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस के जिला अध्यक्षों के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने आ रहे राहुल गांधी को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच तीखी बयानबाजी शुरू हो गई है।
भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली से जोकर आ रहा है, दस दिनों तक छत्तीसगढ़ में सर्कस चलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि राम को काल्पनिक मानने वाले राहुल गांधी राम के मामा गांव आ रहे हैं, उनका स्वागत है। मिश्रा ने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए तंज कसा कि क्या राहुल गांधी पदाधिकारियों को आलू से सोना निकालने की कला सिखाएंगे। भाजपा विधायक के इस बयान पर कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पुरंदर मिश्रा मानसिक रूप से असंतुलित हो चुके हैं। उन्हें इलाज की जरूरत है। अगर भाजपा उनका इलाज नहीं करा पा रही है, तो कांग्रेस इसके लिए भी तैयार है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक बार के एक्सीडेंटल विधायक होने के कारण पुरंदर मिश्रा अपना राजनीतिक कद बढ़ाने के लिए इस तरह के बयान दे रहे हैं।
० आज से शुरू हुआ कांग्रेस का प्रशिक्षण शिविर
कांग्रेस का 10 दिवसीय जिला अध्यक्ष एवं संगठन पदाधिकारियों का प्रशिक्षण शिविर आज से अभनपुर में शुरू हो गया है। शिविर में प्रदेशभर के जिला अध्यक्षों और संगठन पदाधिकारियों को संगठनात्मक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
० 21 जून को राहुल गांधी करेंगे कार्यकर्ताओं को संबोधित
राहुल गांधी 21 जून को रायपुर पहुंचेंगे और लगभग साढ़े पांच घंटे तक प्रशिक्षण शिविर में मौजूद रहेंगे। इस दौरान वे संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी के दौरे से पहले तेज हुई बयानबाजी ने प्रदेश की सियासत का माहौल और गर्मा दिया है।
बंछोर
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

