खैरागढ़/राजनांदगांव, 20 जून (आरएनएस)। राजनांदगांव शहर में आवारा कुत्तों के आतंक का एक चिंताजनक मामला सामने आया है। सनसिटी कॉलोनी में चार आवारा कुत्तों के झुंड ने एक 5 वर्षीय मासूम बच्चे पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। दिल दहला देने वाली यह पूरी घटना कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बच्चा कॉलोनी में खेल रहा था, तभी अचानक चार आवारा कुत्तों ने उसे घेर लिया। जान बचाने के लिए बच्चा भागने लगा, लेकिन कुत्तों का झुंड उसके पीछे पड़ गया और उसे जमीन पर गिराकर नोचने लगा। कुछ सेकंड तक चले इस हमले में बच्चे के पैरों, जांघों और पीठ पर गहरे घाव हो गए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मौके पर मौजूद एक युवक ने साहस दिखाते हुए बीच-बचाव किया, जिसके बाद कुत्ते वहां से भागे। समय रहते मदद नहीं मिलती तो घटना और भी गंभीर हो सकती थी। घायल बच्चे को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि वह मानसिक रूप से भी गहरे सदमे में है।
घटना के बाद सनसिटी कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। अभिभावक बच्चों को अकेले बाहर भेजने से कतरा रहे हैं। रहवासियों का आरोप है कि इलाके में लंबे समय से आवारा कुत्तों की समस्या बनी हुई है, लेकिन नगर निगम और संबंधित विभागों द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम और प्रशासन से विशेष अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को पकडऩे, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
गौरतलब है कि जिले में डॉग बाइट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। हाल ही में डोंगरगढ़ क्षेत्र में भी एक कथित उग्र कुत्ते द्वारा दो नाबालिग बच्चों को घायल किए जाने की घटना सामने आई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या और जनसुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

