रायपुर, 20 जून (आरएनएस)। प्रदेश में कांग्रेस के दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत के साथ ही राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता आपस में ही संघर्ष कर रहे हैं और इस प्रशिक्षण से पार्टी को कोई लाभ नहीं होगा। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की अंदरूनी कलह प्रशिक्षण शिविर से समाप्त नहीं होने वाली है।
अरुण साव के इस बयान पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि यदि अरुण साव एक घंटे भी कांग्रेस का प्रशिक्षण शिविर अटेंड कर लें तो भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो जाएंगे। बैज ने आरोप लगाया कि सबसे अधिक भ्रष्टाचार साव के विभाग में हो रहा है और मुख्यमंत्री निवास में हुई आपात बैठक में भी वे सबसे अधिक निशाने पर थे।
सहयोग राशि के आरोप पर कांग्रेस का जवाब
भाजपा द्वारा प्रशिक्षण शिविर के लिए जिलाध्यक्षों से सहयोग राशि लेने के आरोपों को खारिज करते हुए दीपक बैज ने कहा कि यदि भाजपा के पास कोई प्रमाण है तो सार्वजनिक करे। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण शिविर का आयोजन गांधीवादी और सादगीपूर्ण तरीके से किया जा रहा है तथा इसकी निगरानी सीधे दिल्ली स्तर से हो रही है।
राहुल गांधी पर टिप्पणी को लेकर विवाद
भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा द्वारा राहुल गांधी को लेकर दिए गए बयान पर भी कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। दीपक बैज ने कहा कि पुरंदर मिश्रा मानसिक संतुलन खो चुके हैं और उन्हें अपनी भाषा की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा को उनका इलाज कराना चाहिए।
योग दिवस पर सरकार की तैयारी
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि 180 से अधिक देशों में योग दिवस मनाया जाएगा और प्रदेश में भी मंत्री, सांसद तथा विधायक विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होकर योग के महत्व का संदेश देंगे।
सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान से योजनाओं का लाभ
सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान पर अरुण साव ने कहा कि जानकारी के अभाव में कई पात्र लोग सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पाते हैं। इस अभियान के माध्यम से 31 योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं दीपक बैज ने इस अभियान पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब है और अपराध बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद, युवाओं को रोजगार और अपराध पर नियंत्रण मिलने के बाद ही छत्तीसगढ़ वास्तव में सुघ्घर बन सकेगा।
राहुल गांधी के दौरे पर भी सियासत
राहुल गांधी के प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर अरुण साव ने तंज कसते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस लगातार चुनाव हारती रही है और उनके कार्यक्रमों से पार्टी को लाभ के बजाय नुकसान होता है।
मंत्रियों के चिंतन शिविर पर कांग्रेस का हमला
4 और 5 जुलाई को आईआईएम में आयोजित होने वाले मंत्रियों के प्रशिक्षण एवं चिंतन शिविर को लेकर भी कांग्रेस ने सवाल उठाए। दीपक बैज ने कहा कि सरकार का आधा कार्यकाल बीत चुका है, ऐसे में अब प्रशिक्षण का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा को प्रशिक्षण नहीं बल्कि विदाई की तैयारी करनी चाहिए।
प्रदेश की राजनीति में कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर, राहुल गांधी के दौरे, योग दिवस और सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान को लेकर सत्ता और विपक्ष के बीच बयानबाजी का दौर लगातार तेज होता जा रहा है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

