सरगुजा, 20 जून (आरएनएस)। अंबिकापुर स्थित आदिवासी विकास विभाग द्वारा संचालित प्रयास आवासीय विद्यालय की व्यवस्थाओं से नाराज सैकड़ों छात्रों ने शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया। छात्र करीब 10 किलोमीटर पैदल चलकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और स्कूल प्रबंधन तथा विभागीय अधिकारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। छात्रों ने शिक्षकों की कमी, खराब भोजन और अन्य मूलभूत सुविधाओं में अनियमितता के गंभीर आरोप लगाए हैं।
छात्रों का कहना है कि विद्यालय में पढ़ाई के लिए पर्याप्त शिक्षकों की व्यवस्था नहीं है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विशेष रूप से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को कोचिंग और मार्गदर्शन की कमी का सामना करना पड़ रहा है।
भोजन व्यवस्था को लेकर भी छात्रों ने नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान बेहतर गुणवत्ता का भोजन परोसा जाता है, जबकि सामान्य दिनों में उन्हें निम्न गुणवत्ता का चावल और भोजन दिया जाता है। छात्रों ने कहा कि कई बार उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जाता और अधिकारी केवल औपचारिक निरीक्षण कर लौट जाते हैं।
विद्यार्थियों ने बाल कटिंग सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं में भी अनियमितता का आरोप लगाया। उनका कहना है कि स्कूल में कई बुनियादी व्यवस्थाएं लंबे समय से प्रभावित हैं, लेकिन सुधार के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आदिवासी विकास विभाग के अधिकारियों ने छात्रों से चर्चा की। सहायक आयुक्त ललित शुक्ला ने विद्यार्थियों की शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
छात्रों के इस विरोध प्रदर्शन के बाद प्रयास आवासीय विद्यालय की व्यवस्थाओं और आदिवासी विकास विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं। फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच कर जल्द सुधारात्मक कदम उठाने की बात कही है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

