कांकेर, 20 जून (आरएनएस)। उत्तर बस्तर कांकेर जिले के थाना आमाबेड़ा पुलिस ने उजियारा अभियान के तहत अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 7 लीटर 940 एमएल अंग्रेजी शराब और नकदी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन में जिले में अवैध शराब, जुआ, सट्टा और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष बंछौर के मार्गदर्शन और एसडीओपी शुभम तिवारी के पर्यवेक्षण में थाना आमाबेड़ा पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नीलझर निवासी नरसिंह सलाम (46 वर्ष) अपने घर-बाड़ी में बिक्री के लिए अवैध रूप से अंग्रेजी शराब संग्रहित कर रखा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर आबकारी रेड कार्रवाई की।
तलाशी के दौरान पुलिस ने 10 नग सींबा बीयर, 5 नग शोले कंपनी की प्लास्टिक बोतल में अंग्रेजी शराब पौवा तथा 3 नग गोवा कंपनी की अंग्रेजी शराब बरामद की। कुल 7 लीटर 940 एमएल शराब की अनुमानित कीमत 4,300 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा 650 रुपये नकद भी जब्त किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 4,950 रुपये बताई गई है।
पुलिस जांच में शराब रखने और बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसके बाद आरोपी के विरुद्ध थाना आमाबेड़ा में अपराध क्रमांक 16/2026 के तहत छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई में निरीक्षक विनोद कुमार साहू, सहायक उपनिरीक्षक गिरीशचंद कुर्रे, प्रधान आरक्षक महेश नेताम, आरक्षक चंद्रप्रकाश विश्वकर्मा, विकास बघेल, नंदकुमार ठाकुर एवं महिला आरक्षक प्रतिभा यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

