नागदा 21 जून (आरएनएस)।औद्योगिक नगरी नागदा में रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। लैंसेक्स उद्योग के डिप्टी मैनेजर से 5 लाख रुपए की रंगदारी मांगने वाले तीन आरोपियों को बिरलाग्राम पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों ने पहले उद्योग अधिकारी का रास्ता रोककर उन्हें डराया-धमकाया और बाद में 5 लाख रुपए की मांग करते हुए 5 हजार रुपए वसूल लिए थे। शिकायत मिलते ही पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी जितेंद्र पाटीदार के अनुसार बीसीएमएस कॉलोनी निवासी राजेश यादव लैंसेक्स उद्योग में डिप्टी मैनेजर हैं। 15 जून की सुबह करीब साढ़े आठ बजे जब वे उद्योग जा रहे थे, तब महिदपुर रोड क्षेत्र में तीन युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने अपने नाम उमेश कल्याणे, संदीप राठौड़ और दीपक कल्याणे बताए तथा मोबाइल नंबर देकर बाद में मिलने की बात कही। अगले दिन आरोपियों ने फिर राजेश यादव को रोककर सी-ब्लॉक टर्न पर बुलाया। यहां उन्होंने कंपनी कर्मचारियों द्वारा हमला किए जाने की कहानी सुनाकर 5 लाख रुपए की मांग रख दी। आरोपियों ने कहा कि रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी पहले से भी आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहे हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उमेश कल्याणे पर 8, दीपक कल्याणे पर 5 और संदीप राठौड़ पर 2 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उनके अन्य मामलों की भी जानकारी जुटा रही है।
पूरे मामले का खुलासा करने में थाना प्रभारी जितेंद्र पाटीदार के नेतृत्व में एसआई शांतिलता मौर्य, एएसआई भूरिया मोरे, गणेश पाल, श्याम सिंह, आरक्षक संदीप यादव, हरीश गुर्जर, अंकिता पांचाल, महेश परमार और दिनेश मुनिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रंगदारी की मांग और लगातार धमकियों से डरे राजेश यादव ने तत्काल अपनी जेब में रखे 5 हजार रुपए आरोपियों को दे दिए। इसके बावजूद आरोपी संतुष्ट नहीं हुए और शेष राशि जल्द देने का दबाव बनाते रहे। आरोपियों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि रकम नहीं मिलने पर जान से मार दिया जाएगा।
पीडि़त द्वारा बिरलाग्राम थाने में शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(5), 126(2), 351(3) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की और 24 घंटे के भीतर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक कल्याणे, उमेश कल्याणे और संदीप राठौड़ के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक जब्त की है। रंगदारी के रूप में वसूले गए 5 हजार रुपए में से 560 रुपए भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार बाकी राशि आरोपी खर्च कर चुके हैं।

