० सीमेंट ईंट निर्माण से महिलाओं ने कमाए ?69,600, आर्थिक सशक्तिकरण की ओर बढ़ाए कदम
बीजापुर, 22 जून (आरएनएस)। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत ग्राम पंचायत गुन्लापेंटा में संचालित माँ बम्बलेश्वरी स्वयं सहायता समूह ने सामूहिक प्रयास, मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर आत्मनिर्भरता की प्रेरणादायक मिसाल पेश की है। महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से गठित इस समूह ने आजीविका संवर्धन के लिए सीमेंट ईंट निर्माण का कार्य प्रारंभ किया। समूह की महिलाओं ने एकजुट होकर परिश्रम करते हुए लगभग 3000 सीमेंट ईंटों का निर्माण एवं विक्रय किया, जिससे उन्हें लगभग ?69,600 की आय प्राप्त हुई। यह उपलब्धि महिलाओं के सामूहिक श्रम, समर्पण और आत्मविश्वास का परिणाम है।
प्राप्त आय से समूह की महिलाओं की आर्थिक स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। महिलाओं ने परिवार की आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ-साथ बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य देखभाल तथा भविष्य के लिए बचत पर भी विशेष ध्यान देना शुरू किया है। समूह की नियमित बैठकों, आपसी सहयोग और एनआरएलएम के सतत मार्गदर्शन ने महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ाया तथा उन्हें स्वरोजगार के नए अवसरों की ओर अग्रसर किया।
आज माँ बम्बलेश्वरी स्वयं सहायता समूह ग्राम पंचायत गुन्लापेंटा में महिला सशक्तिकरण, सामुदायिक सहभागिता और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बनकर उभर रहा है। यह समूह इस बात का प्रमाण है कि संगठित प्रयास, सही मार्गदर्शन और निरंतर मेहनत के माध्यम से ग्रामीण महिलाएँ आर्थिक उन्नति के साथ सामाजिक सशक्तिकरण की नई ऊँचाइयों को प्राप्त कर सकती हैं।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

