कोरिया, 22 जून (आरएनएस)। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने सिविल लाइन आवासीय परिसर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। मामले में 03 नाबालिग आरोपियों को पकड़कर चोरी का सामान बरामद किया गया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 04 जून 2026 को न्यायालयीन अधिकारी के आवास से सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन, आईपैड, घडिय़ां एवं अन्य सामान चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 09 लाख 07 हजार रुपये बताई गई थी। मामले में थाना बैकुंठपुर में अपराध क्रमांक 177/26 धारा 331(4), 305(ए), 62, 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरिया डॉ. सुरेशा चौबे के निर्देशन एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी राजेश साहू के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए तथा मौके से मिले सफेद रंग के जैकेट को भी जांच में लिया गया।
विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सूरजपुर निवासी 03 नाबालिग संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उन्होंने ऋषभ उर्फ रिशु यादव, आयुष रजक एवं अन्य नाबालिगों के साथ मिलकर पुलिस कार्यालय के सामने स्थित मकान का ताला तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने नाबालिग आरोपियों के कब्जे से एक ओप्पो मोबाइल, एक नारजो मोबाइल, 02 नग घड़ी और एक आईपैड सहित लगभग 1 लाख 20 हजार रुपये कीमत का सामान बरामद किया है। तीनों किशोरों को दिनांक 18 जून 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मामले के अन्य आरोपी ऋषभ उर्फ रिशु यादव और आयुष रजक फरार हैं, जिनकी तलाश पुलिस द्वारा लगातार की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया है।
इस पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक राजेश तिवारी, उप निरीक्षक महेश कुशवाहा, आरक्षक समीर जायसवाल, दिनेश उईके एवं साइबर सेल बैकुंठपुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

