नामपल्ली,22 जून(आरएनएस)। अल्लू अर्जुन की फिल्म पुष्पा 2: द रूल के प्रीमियर के दौरान संध्या थिएटर में भगदड़ मची थी। इस दौरान रेवती नाम की एक महिला की मौत और उसके 9 साल के बेटे श्रीतेज के घायल होने की खबर सामने आई। मामले का आरोप अभिनेता पर लगा था, जिसके चलते उन्हें सोमवार को कोर्ट में पेश होने के लिए कहा गया था। ताजा अपडेट है कि नामपल्ली कोर्ट ने सुनवाई 6 जुलाई, 2026 तक के लिए स्थगित कर दी है।
रिपोर्ट के मुताबिक, कोर्ट में सोमवार को हुई मामले की सुनवाई के दौरान अल्लू ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए वर्चुअल रूप से कार्यवाही में भाग लिया। संध्या थिएटर की ओर से पेश वकील भानु चंदर ने मीडिया से कहा, आज नामपल्ली कोर्ट में मजिस्ट्रेट के समक्ष जमानतनामा दाखिल करने के लिए पेशी है, लेकिन पुलिस चार्जशीट में सूचीबद्ध 23 आरोपियों में से 21 या 22 उपस्थित हुए हैं; 1 या 2 अनुपस्थित हैं। इसलिए कार्यवाही स्थगित हो गई।
वकील ने आगे कहा, सत्र न्यायालय में मामले के पंजीकरण की अगली प्रक्रिया के लिए 6 जुलाई की तारीख तय की गई है। अगली सुनवाई में सभी 23 सदस्यों को एक साथ कोर्ट के सामने पेश होना होगा। बता दें, नामपल्ली कोर्ट ने हैदराबाद के संध्या थिएटर में हुई भगदड़ मामले में 19 आरोपियों को समन जारी किया था। पुलिस ने मामले के संबंध में पहले ही 23 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

