धमतरी, 22 जून (आरएनएस)। श्रम विभाग के छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना संचालित की जा रही है। योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा 6वीं में प्रवेश लेने वाले पात्र विद्यार्थियों को प्रदेश के निजी आवासीय विद्यालयों में कक्षा 12वीं तक नि:शुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी।
जिला श्रम पदाधिकारी एन. के. साहू ने बताया कि धमतरी जिले को इस योजना के अंतर्गत 7 सीटों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इच्छुक पंजीकृत निर्माण श्रमिक अपने बच्चों के लिए 3 जुलाई 2026 तक विभागीय वेब https://shramevjayate.cg.gov.in ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं तथा श्रमेव जयते मोबाइल एप के माध्यम से या श्रम संसाधन केंद्र कुरूद, धमतरी, मगरलोड, नगरी एवं जिला श्रम कार्यालय कक्ष क्रमांक-68 में आवश्यक दस्तावेजों सहित जमा किए जा सकते हैं।
योजना का लाभ ऐसे पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की प्रथम दो संतानों को मिलेगा, जिनका श्रमिक पंजीयन कम से कम एक वर्ष पूर्व का हो तथा जो वर्तमान शैक्षणिक सत्र में कक्षा 6वीं में प्रवेश ले रहे हों। विद्यार्थियों का चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा।
आवेदन के लिए श्रम पंजीयन कार्ड, बच्चे का आधार कार्ड, मूल निवास प्रमाण पत्र, पूर्व वर्ष की अंकसूची, वर्तमान कक्षा में अध्ययनरत प्रमाण पत्र, स्थानांतरण प्रमाण पत्र एवं स्व-घोषणा पत्र आवश्यक हैं।
चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 6वीं से 12वीं तक प्रदेश के उत्कृष्ट आवासीय विद्यालयों में पूरी तरह नि:शुल्क शिक्षा, आवास एवं अन्य शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह एवं सचिव श्री गिरीश रामटेके के निर्देशानुसार संचालित इस महत्वाकांक्षी योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए पात्र निर्माण श्रमिकों से आवेदन करने की अपील की गई है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

