बिलासपुर,22 जून (आरएनएस) । सरकंडा पुलिस ने चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 11 महंगे स्मार्टफोन, कीमती घडिय़ां और नकदी बरामद की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल व सीएसपी निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप कुमार आर्य के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
कमरे में घुसकर मोबाइल, घड़ी और नकदी की चोरी
पहले मामले में जोरापारा निवासी तारकेश्वर साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 20 जून की रात अज्ञात चोर उनके कमरे में घुसकर श्याओमी और सैमसंग कंपनी के दो मोबाइल, दो हाथ घडिय़ां और नकदी चोरी कर ले गया। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नूतन चौक के पास घेराबंदी कर चोरी का मोबाइल बेचने की फिराक में घूम रहे आरोपी निखिल सोनी (24) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी गए दोनों मोबाइल, दो घडिय़ां और नकदी बरामद की गई।
9 मोबाइल चोरी का खुलासा
दूसरे मामले में अशोक नगर निवासी रामनारायण मिंज ने अपने घर से पोको और मोटोरोला कंपनी के मोबाइल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस ने संदेही महेश मानिकपुरी उर्फ सोनू (22) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अशोक नगर, खमतराई, स्वर्णिमा कॉलोनी और बगदई मंदिर क्षेत्र के सूने मकानों व मजदूरों के कमरों से सिलसिलेवार ढंग से 9 महंगे स्मार्टफोन चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर Vivo, Poco, Motorola, Oppo, Realme ¥õÚU Infini& कंपनी के कुल 9 स्मार्टफोन, जिनकी कीमत करीब 52,499 रुपये है, बरामद कर लिए।
दोनों आरोपी भेजे गए जेल
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और उनके खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। अपराध गैर-जमानती होने के कारण दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, बिलासपुर के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।सरकंडा पुलिस ने कहा है कि चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

