रायपुर/23 जून 2026 (आरएनएस) कोरबा प्रदेश के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों में शुमार चैतूरगढ़ के विकास को लेकर मंगलवार देर रात मुख्यमंत्री निवास में हुई अहम मुलाकात ने नई उम्मीद जगा दी। चैतूरगढ़ स्थित मां महिषासुर मर्दिनी मंदिर ट्रस्ट के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य भेंट कर न केवल क्षेत्र के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए, बल्कि आगामी नवरात्रि पर्व पर चैतूरगढ़ आने का विशेष निमंत्रण भी दिया, जिसे मुख्यमंत्री ने सहर्ष स्वीकार कर लिया।
रात्रि 10:30 बजे 22 जून 2026 रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में हुई इस मुलाकात का नेतृत्व मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता पाली निवासी प्रभुलाल चौहान ने किया। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को मां महिषासुर मर्दिनी का स्मृति चिन्ह भेंट कर आशीर्वाद स्वरूप सम्मानित किया। इसके बाद चैतूरगढ़ को प्रदेश के प्रमुख पर्यटन एवं आस्था केंद्र के रूप में विकसित करने, श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार और क्षेत्रीय विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान ट्रस्ट की ओर से आवश्यक मांगों का ज्ञापन भी मुख्यमंत्री को सौंपा गया।
भेंटवार्ता में भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री एवं वरिष्ठ समाजसेवी शिवकुमार चौहान, मंदिर ट्रस्ट सदस्य विष्णु दुबे, सौरभ दुबे, अधिवक्ता यतींद्रनाथ मिश्रा, प्रांतीय मानिकपुरी पनिका समाज छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. ललित कुमार मानिकपुरी तथा भाजपा मंडल चैतमा के वरिष्ठ नेता केतन टांक सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को आगामी नवरात्रि महोत्सव में चैतूरगढ़ पधारने का आग्रह किया, जिस पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक सहमति जताई। इससे क्षेत्र के धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
बहरहाल, मुख्यमंत्री और मंदिर ट्रस्ट की यह मुलाकात केवल शिष्टाचार नहीं, बल्कि चैतूरगढ़ के विकास, पर्यटन विस्तार और धार्मिक आस्था को नई ऊंचाई देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।







